कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड कुसमी स्थित अंतर्राज्यीय सीमा के कोरंधा चेकपोस्ट एवं पुलिस थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालयीन अभिलेखों के संधारण तथा साफ-सफाई का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने थाना प्रभारी से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अंतर्राज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, नियमित गश्त एवं वाहनों की जांच की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए तथा आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने को कहा।
कलेक्टर ने विवेचक कक्ष, मोहर्रिर कक्ष, पुरुष एवं महिला बंदी कक्ष सहित अन्य कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की नियमित जांच, संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा अंतर्राज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।