बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लाऊ में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायत सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन के जिला सचिव उमेश सिंह ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बलरामपुर और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), राजपुर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच की मांग की है।
24 जुलाई 2026 को सौंपे गए शिकायत पत्र में ग्राम पंचायत लाऊ के सरपंच, सचिव और उपसरपंच पर शासकीय राशि के कथित गबन और वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, नवंबर 2025 में ग्राम पंचायत द्वारा उपसरपंच के घर से सेवारी सीमा तक मुरमीकरण कराया जाना था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब तक मुरमीकरण का कार्य नहीं कराया गया, जबकि ₹1 लाख की राशि का आहरण कर लिया गया है।


शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2019-20 में प्राथमिक शाला धमधिया पारा में शिक्षा अनुदान मद से बाउंड्री वॉल के लिए ₹10 लाख स्वीकृत किए गए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, निर्माण कार्य अब तक अधूरा है और केवल गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। आरोप है कि इस कार्य के लिए ₹5 लाख की राशि का आहरण किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविकता सामने लाने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।