औद्योगिक नीति से निवेश को गति, 8.23 लाख करोड़ के प्रस्ताव

रायपुर, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य की औद्योगिक नीति 2024-30 रोजगार केंद्रित है और प्रदेश में निवेश तथा रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य को अब तक लगभग 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की बात उन्होंने कही।

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र, 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य छोटे उद्योगों, स्थानीय उत्पादों तथा मूल्य संवर्धित कृषि और औद्योगिक उत्पादों को देश और विदेश के बड़े बाजारों से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक नीति में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, दानशीलता और समाजसेवा की परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज ने उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने महिला और युवा शक्ति की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने तथा स्वयं के उद्यम शुरू कर रोजगार के अवसर तैयार करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘अग्र महाकुंभ-2026’ के ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी, समाजसेवी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *