रायपुर, 21 सितंबर 2026। स्वदेश दर्शन योजना के तहत लगभग 146 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे भोरमदेव कॉरिडोर के सभी प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कबीरधाम के जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली।
बैठक में कई निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर दोनों मंत्रियों ने संबंधित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने प्रत्येक 15 दिन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विजय शर्मा ने कहा कि निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति नहीं होने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक 15 दिन में कार्य की प्रगति निर्माण स्थल पर दिखाई देनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर ठेकेदारों को कार्य से पृथक करने और अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विजय शर्मा ने पीएमसी, ठेकेदारों और भोरमदेव विकास समिति के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा पीएमसी की भूमिका और जिम्मेदारियों की समीक्षा कर तकनीकी निगरानी को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आगामी भोरमदेव महोत्सव तक निर्माण कार्यों में स्पष्ट प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि कई कार्यों के कार्यादेश जारी हुए 8 से 9 माह हो चुके हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहे हैं। उन्होंने सभी ठेकेदारों को पूर्ण कार्ययोजना प्रस्तुत करने और प्रत्येक 15 दिन के कार्यों के लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भोरमदेव महोत्सव से 10 दिन पहले तक निर्धारित कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा तय करने तथा प्रत्येक 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
पर्यटन मंत्री ने निर्माण स्थल पर ठेकेदार की ओर से जिम्मेदार प्रतिनिधि की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निर्माण कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भोरमदेव कॉरिडोर के ड्राइंग और डिजाइन में भोरमदेव मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला, स्वरूप और रंगत का विशेष ध्यान रखा जाए। नए निर्माण कार्य मंदिर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप और उसके साथ सामंजस्यपूर्ण होने चाहिए।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भोरमदेव क्षेत्र में अतिक्रमण का चिन्हांकन कर नियमानुसार कार्रवाई के साथ अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कवर्धा से भोरमदेव जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण की जांच के निर्देश तहसीलदार को दिए।
उन्होंने राजस्व और वन विभाग की भूमि का संयुक्त चिन्हांकन करने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। अतिक्रमण मुक्त कराई गई उपयुक्त शासकीय भूमि का उपयोग पार्किंग सहित अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पर्यटन विभाग के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव, विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, लोकचंद साहू, नंद श्रीवास सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।