किसानों की 11 मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को मुंगेली में ट्रैक्टर रैली

मुंगेली। भारतीय किसान संघ, जिला मुंगेली के आह्वान पर किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को मुंगेली में विशाल ट्रैक्टर रैली और आंदोलन का आयोजन किया जाएगा। रैली कृषि उपज मंडी मुंगेली से शुरू होकर कलेक्टोरेट तक जाएगी, जहां किसानों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

जारी अपील के अनुसार रैली में किसानों से अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल होने का आह्वान किया गया है। संगठन ने प्रत्येक घर से कम से कम एक किसान के मुंगेली पहुंचने की अपील की है।

11 प्रमुख मांगें

भारतीय किसान संघ द्वारा शासन के समक्ष 11 प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें गोवर्धन योजना लागू कर गो-राम जी योजना को संरक्षण एवं संवर्धन से जोड़ना, वर्ष 2022-23 की लंबित करीब 1700 करोड़ रुपये की धान राशि किसानों को तत्काल देने और कृषक उन्नति योजना में 800 रुपये प्रति क्विंटल प्रतिवर्ष जोड़ने की मांग शामिल है।

इसके अलावा धान खरीदी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक करने और प्रति क्विंटल 40 किलो 700 ग्राम का आदेश जारी करने, एग्रीस्टेक पंजीयन की समस्याओं में शिथिलता देने तथा धान टोकन व्यवस्था में सुधार कर खाता समर्पण का अनावश्यक दबाव बंद करने की मांग की गई है।

संगठन ने गन्ने के मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल वृद्धि, अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने और नई परियोजनाओं को तत्काल स्वीकृति देने की मांग भी रखी है। साथ ही विद्युत विभाग के निजीकरण पर रोक, खाद की अधिक कीमत पर बिक्री रोकने और दोषी विक्रेताओं पर कार्रवाई तथा भूमि अधिग्रहण को उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुसार किए जाने की मांग की गई है।

मुंगेली जिले से जुड़ी स्थानीय मांगें

किसान संघ ने मुंगेली जिले से संबंधित कई मांगें भी रखी हैं। इनमें मुंगेली जिले के मुंगेली तहसील में शक्कर कारखाना स्थापित करने, सेतगंगा को पूर्ण तहसील बनाने और वहां से बिस्तर वाला अस्पताल बनाने की मांग शामिल है।

संगठन ने रेंगाखोड़ा कुआ डायवर्सन को आगे विस्तार कर सेनहामांडा से बीजातलाई की ओर बढ़ाने तथा मुंगेली और पंडरिया क्षेत्र के डायवर्सन से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की मांग की है।

इसके अलावा मुंगेली से गोंदली मार्ग का चौड़ीकरण, नारायणपुर, मालपुर, दूलापुर और दामापुर होते हुए कोरियापाम तक राज्य मार्ग की स्वीकृति, धान उपार्जन केंद्र लालापुर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खोलने और मुंगेली तहसील के चकरभट्ठा में नवीन विद्युत सब स्टेशन की स्वीकृति की मांग की गई है।

किसान संघ ने मुंगेली में किसान सदन भवन की स्वीकृति तथा लोरमी तहसील के ग्राम बर्मपुर में शासकीय महाविद्यालय स्वीकृत होने के बावजूद भवन नहीं होने के कारण शीघ्र अतिरिक्त भवन की स्वीकृति देने की मांग भी रखी है।

8 अक्टूबर को होगा आंदोलन

जारी सूचना के अनुसार 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम प्रस्तावित है। किसान कृषि उपज मंडी मुंगेली से ट्रैक्टर रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचेंगे और वहां धरना-प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपेंगे।

भारतीय किसान संघ, जिला मुंगेली ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रैक्टरों के साथ रैली में शामिल होने की अपील की है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *