शिकायतों पर जांच न होने से निष्पक्ष जांच की मांग, पत्रकार ने शुरू किया अनशन

मुंगेली जनसंपर्क अधिकारी विवाद में पत्रकार का एकल अनशन

रायपुर/मुंगेली, 7 अक्टूबर 2026। मुंगेली जिले में पदस्थापना के दौरान तत्कालीन सहायक संचालक एवं जनसंपर्क अधिकारी सुजीत कुमार सिंह पर लगाए गए कथित वित्तीय अनियमितता और पत्रकारों के प्रति अमर्यादित टिप्पणियों के आरोपों को लेकर मामला सामने आया है। वर्तमान में सुजीत कुमार सिंह रायगढ़ में पदस्थ हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न प्रशासनिक और उच्च मंचों पर शिकायत दर्ज कराने के बाद निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध होकर मीडिया प्रतिनिधि खेमेश्वर पुरी गोस्वामी नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर एकल अनशन पर बैठे हैं।

खेमेश्वर पुरी गोस्वामी के अनुसार, यह अनशन किसी व्यक्तिगत विद्वेष के तहत नहीं, बल्कि पत्रकारों के आत्मसम्मान, प्रशासनिक पारदर्शिता और विधि के शासन की मांग को लेकर किया जा रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुंगेली जिले के मीडिया प्रतिनिधियों ने पूर्व में कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में आरोप लगाया गया था कि मुंगेली में पदस्थापना के दौरान सुजीत कुमार सिंह द्वारा शासकीय विज्ञापनों और आयोजनों के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताएं की गईं।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि स्थानांतरण के बाद सामने आए एक कथित ऑडियो में जिले के पत्रकारों के विरुद्ध अमर्यादित, विद्वेषपूर्ण और मानहानिकारक टिप्पणियां की गईं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पत्रकारों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। वहीं, खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ने केंद्र सरकार के लोक शिकायत निवारण पोर्टल PM-PG Portal पर भी शिकायत दर्ज कराई थी।

अनशनकारी की प्रमुख मांगों में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना, पत्रकारों के संबंध में की गई कथित अशोभनीय टिप्पणियों पर वैधानिक कार्रवाई करना और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों का अधिकृत विधि विज्ञान प्रयोगशाला से तकनीकी परीक्षण कराना शामिल है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि निर्धारित अवधि में स्पष्ट प्रशासनिक कार्रवाई सामने नहीं आने के कारण खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ने एकल अनशन शुरू किया है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *