मुंगेली जिले के थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम जरेली में मोटर पंप चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शत्रुहन प्रसाद साहू की शिकायत पर 25 जून 2026 को थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। शिकायत में बोर पंप से लगभग 130 फीट केबल वायर, प्लास्टिक पाइप तथा 1 एच.पी. मोटर पंप चोरी होने की जानकारी दी गई थी। चोरी गए सामान का मूल्य लगभग 14 हजार रुपये बताया गया।

विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जरेली निवासी योगेश साहू (21) और निखिल सिगरौल (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया 1 एच.पी. मोटर पंप, केबल वायर और 12 नग प्लास्टिक पाइप बरामद कर जब्त किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 29 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव (थाना प्रभारी पथरिया), प्रधान आरक्षक वीरभद्र सिंह तथा आरक्षक हलीश गेंदले, स्वारथ ध्रुव और राजतिलक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरोपियों के विरुद्ध थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।