मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में मूकबधिर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी घटना के 48 घंटे के भीतर की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को पीड़िता की परिजन ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसी दिन सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम अमलडीही निवासी दीपक पटेल ने घर में प्रवेश कर लोहे का गेट अंदर से बंद किया और पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 287/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2)(क), 115(2) एवं 332(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में जांच की गई। विवेचना के दौरान विशेष शिक्षिका की सहायता से पीड़िता का द्विभाषिया कथन दर्ज किया गया, स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक पटेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमलडीही, थाना लोरमी, ने घटना के संबंध में जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद 10 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर 11 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।