रायपुर, 17 अप्रैल 2026
पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि आवारा श्वानों के नियंत्रण के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में नगरीय निकायों के सहयोग से एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में नसबंदी अभियान चलाया जाएगा तथा रैबीज रोकथाम के लिए श्वानों का टीकाकरण किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जनजातीय क्षेत्रों के सभी महिला हितग्राहियों को दुधारू गाय प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। योजना के तहत दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और नियमित आय के साधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। इसके लिए राज्य सरकार ने एनडीडीबी से समझौता किया है।

मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश की जलवायु के अनुकूल भारतीय नस्ल की गायों के संवर्धन को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करने और पशुओं में होने वाले संक्रमण रोगों की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि गौधाम योजना के तहत घुमंतू गौ-वंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए 36 गौधाम स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 32 पंजीकृत हो चुके हैं। पशु संवर्धन कार्यक्रम के तहत कृत्रिम गर्भाधान के विस्तार के लिए परिवहन व्यवस्था और बजट प्रावधान किए गए हैं।
मंत्री ने गौधाम निर्माण में तेजी लाने और कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पशुधन,आवारा श्वान,एनीमल बर्थ कंट्रोल,दुधारू गाय,जनजातीय क्षेत्र,गौधाम,कृत्रिम गर्भाधान