रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार ग्राम में सचिन तेंदुलकर के आगमन को बदलते बस्तर की सशक्त पहचान बताया। उन्होंने कहा कि यह दौरा क्षेत्र में विकास, अवसर और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करना और आत्मविश्वास बढ़ाना इस पहल को प्रभावशाली बनाता है। उन्होंने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए खेलों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

छिंदनार स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल में सचिन तेंदुलकर और माणदेशी फाउंडेशन द्वारा निर्मित मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की फाउंडर चेतना सिन्हा भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसी खेल गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया।

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि खिलाड़ियों के विकास के लिए जमीनी स्तर पर आधुनिक खेल सुविधाएं आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और विभिन्न खेलों में भागीदारी के महत्व के बारे में बताया।
फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र के 50 गांवों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहां क्रिकेट के साथ फुटबॉल और कबड्डी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान किए गए और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस अवसर पर विभिन्न अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।