मुंगेली कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और सकारात्मक दृष्टिकोण से निराकरण करने तथा शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर समाधान की प्रतिपुष्टि लेने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में धीमी प्रगति पाए जाने पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कार्यपालन अभियंता तथा जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की भी समीक्षा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अतिक्रमण संबंधी मामलों में पूर्व सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, पशुओं की सुरक्षा, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, नियमित फील्ड विजिट, रोड सेफ्टी ऑडिट तथा साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनअपेक्षाओं के अनुरूप त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पंचायतों एवं नगरीय निकायों में नालियों की सफाई, जलभराव रोकने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।