रायपुर, 17 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग ने “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026” के अंतर्गत प्रदेशभर के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना का उद्देश्य राज्य की लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और प्रोत्साहन करना है।
योजना के तहत लोकनृत्य, लोकगायन, लोकनाट्य, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, पारंपरिक पाक कला और सौंदर्यकला से जुड़े कलाकारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय सभी स्रोतों से 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। चयनित कलाकारों को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार राशि दी जाएगी और आगामी दो वर्षों तक वे पुनः पात्र नहीं होंगे।

आवेदन के लिए कलाकारों को निर्धारित प्रारूप में नाम, कला विधा, पता, जिला, मोबाइल नंबर, चिन्हारी पोर्टल का पंजीयन क्रमांक, अनुभव और उपलब्धियों का विवरण देना अनिवार्य है। साथ ही चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।
इच्छुक कलाकार पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई 2026 निर्धारित की गई है। लिफाफे पर योजना का नाम अंकित करना आवश्यक होगा। योजना से संबंधित जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।