मुंगेली में अपराध समीक्षा बैठक, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मुंगेली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित संवाद कक्ष में 16 जनवरी 2026 को जिले की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा जिले के लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग प्रकरण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। महिला एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित अपराधों तथा साइबर फ्रॉड मामलों में त्वरित वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, नकबजनी, झपटमारी जैसे गंभीर अपराधों एवं पूर्व लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। धारा 173(8) जा.फौ. (वर्तमान 193 बीएनएसएस) के अंतर्गत लंबित प्रकरणों, लंबित मर्ग मामलों तथा Cybercrime.gov.in और साइबर हेल्पलाइन 1930 से प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
थानों में प्राप्त शिकायतों को सात दिवस के भीतर तथा पूर्व लंबित शिकायतों को 15 दिवस के भीतर निराकृत करने, थाना परिसर एवं मालखाना की साफ-सफाई तथा अभिलेखों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिले के पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सतत निगरानी, नियमित भ्रमण तथा लंबित प्रकरणों की निरंतर समीक्षा कर निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी के लिए संचालित ऑपरेशन मुस्कान की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने, बरामद बच्चों को सकुशल परिजनों को सौंपने एवं विधिवत कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बीट प्रणाली के तहत स्मार्ट पुलिसिंग को प्रभावी रूप से लागू करने, आम जनता से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने, नशा, यातायात नियमों एवं साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया।
ऑपरेशन बॉज के अंतर्गत अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही, बाउंड ओवर की कार्यवाही तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक पथरिया नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल सहित जिले के समस्त थाना, चौकी, शाखा एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।