भाजपा बैठक में बूथ संगठन मजबूत करने पर जोर

मुंगेली। अटल परिसर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

पवन साय ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं में है। चुनावी सफलता के लिए बूथ संगठन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, नियमित बूथ प्रवास और बूथ समितियों को सक्रिय रखने पर जोर दिया।

उन्होंने पदाधिकारियों को बूथवार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लागू करने तथा स्थानीय मतदाताओं और सामाजिक समूहों से निरंतर संपर्क बढ़ाने के टिप्स दिए। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

साय ने कहा कि पदाधिकारी केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में लगातार प्रवास कर कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद करें। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में विधायक पुन्नूलाल मोहले, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशवानी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, पूर्व विधायक ठाकुर भूपेंद्र सिंह सहित जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *