मुंगेली, 18 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिले में साइबर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में अभियान के तहत बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित विभिन्न वर्गों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 16 और 17 सितंबर को थाना फास्टरपुर एवं थाना पथरिया क्षेत्र के चार स्कूलों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कुल 2046 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को साइबर अपराधों से बचाव, सतर्कता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जानकारी दी गई।

17 सितंबर को थाना फास्टरपुर क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दाबो में 316 छात्र-छात्राओं एवं 9 शिक्षकगण तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में 409 छात्र-छात्राओं एवं 14 शिक्षकगण को जागरूक किया गया।

वहीं, 16 सितंबर को थाना पथरिया क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल पथरिया में 685 छात्र-छात्राओं एवं 15 शिक्षकगण तथा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल पथरिया में 636 छात्र-छात्राओं एवं 17 शिक्षकगण को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर सतर्क रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। पुलिस ने संदेश दिया, “साइबर जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।”