रायपुर। राज्य खेल अकादमी, रायपुर से जुड़े एक मामले में एथलीट खिलाड़ी हिड़मा मंडावी ने खेल प्रशिक्षक हिमांशु चंद्राकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव को आवेदन पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। यह आवेदन सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया है, जिसे अम्बेडकरवादी कार्यकर्ता संजीत बर्मन ने अपने फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया है।
आवेदन के अनुसार, दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण विकासखंड अंतर्गत ग्राम एटेपाल निवासी हिड़मा मंडावी 1500 मीटर दौड़ के खिलाड़ी हैं और वे स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा (रायपुर) स्थित राज्य खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। हिड़मा मंडावी का आरोप है कि शासन की ओर से खिलाड़ियों के खातों में भेजी गई 5-5 हजार रुपये की राशि खेल प्रशिक्षक हिमांशु चंद्राकर द्वारा मांगी गई।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में हिड़मा मंडावी सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों ने खेल विभाग के अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद संबंधित खिलाड़ियों को अकादमी से बाहर किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

खिलाड़ियों ने यह भी कहा है कि 1-2 मई 2026 को आयोजित चयन ट्रायल के कई माह बाद भी चयन सूची जारी नहीं की गई है, जिससे खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और भविष्य पर प्रभाव पड़ रहा है। आवेदन में कहा गया है कि कुछ खिलाड़ी वर्तमान में किराए के मकानों में रहकर अभ्यास और पढ़ाई कर रहे हैं।
हिड़मा मंडावी ने खेल मंत्री से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा खिलाड़ियों को पुनः प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करने की मांग की है।
हालांकि, इस संबंध में खेल प्रशिक्षक हिमांशु चंद्राकर अथवा खेल विभाग का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।