बलरामपुर, 10 सितंबर 2026। यात्री बसों में शासन द्वारा निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर यातायात शाखा, बलरामपुर में बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज सरगुजा दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर-रामानुजगंज वैभव बैंकर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।

बैठक में जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव, यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन, रक्षित निरीक्षक बलरामपुर सहित बस संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बस संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित यात्री किराया दरों की जानकारी दी।
बस संचालकों को यात्रियों से निर्धारित किराया ही लेने तथा किराया सूची प्रत्येक यात्री बस में प्रमुख एवं स्पष्ट स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि साधारण बस सेवा में प्रथम 5 किलोमीटर तक ₹8 प्रति यात्री तथा इसके बाद ₹1 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर अथवा उसके भाग के लिए किराया निर्धारित है।
डीलक्स/शयनयान कोच में प्रथम 5 किलोमीटर तक ₹8 प्रति यात्री तथा इसके बाद ₹3 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर अथवा उसके भाग के लिए किराया निर्धारित है।

बस संचालकों को निर्धारित किराए से अधिक राशि नहीं वसूलने के निर्देश दिए गए। अधिक किराया वसूली की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बस चालक एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, वाहन संचालन के दौरान सावधानी बरतने, बसों को निर्धारित स्टॉप पर रोकने तथा निर्धारित मार्ग पर ही संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बस संचालकों ने बस संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं एवं कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर चर्चा करते हुए यथासंभव समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में बस संचालकों ने निर्धारित किराए से अधिक वसूली संबंधी शिकायतों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने तथा शासन के नियमों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बलरामपुर, यात्री बस, बस किराया, यातायात विभाग, बस संचालक, परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़