मुंगेली, 18 दिसंबर 2025। गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुंगेली जिले के खैरा-सेतगंगा धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सेतगंगा धाम के विकास हेतु एक करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

जैतखंभ पूजा कर की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री ने जैतखंभ की पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाई तथा गुरुगद्दी और राम जानकी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करता है।

सरकार के दो वर्ष और छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूरे
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने और छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली, सुरक्षा और विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर सशक्त बनाया जा रहा है। प्रशासन में पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

सेतगंगा धाम के विकास को नई गति
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यहां आगमन सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, कैबिनेट मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, अहिवारा विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय एवं जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी उपस्थित रहे।
समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का पगड़ी और गजमाला पहनाकर सम्मान किया। विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने गुरु घासीदास बाबा के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सेतगंगा क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें भी रखीं। कार्यक्रम में आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।