मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जापान-दक्षिण कोरिया दौरे से रायपुर लौट

रायपुर, 30 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपने आठ दिवसीय जापान और दक्षिण कोरिया के विदेश दौरे से रायपुर लौट आए। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ, जहां पारंपरिक कर्मा और पंथी नृत्यों से पूरा परिसर सराबोर रहा। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि विदेश यात्रा के दौरान जापान और कोरिया में बसे भारतीय और छत्तीसगढ़ के लोगों से मिलना गर्व का विषय रहा। उन्होंने कहा कि यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए निवेश और विकास के नए रास्ते खोलेगा।

जापान-भारत निवेश समझौते का लाभ छत्तीसगढ़ को भी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान भारत और जापान के बीच 6 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 10 वर्षीय आर्थिक रोडमैप का समझौता हुआ है। इसमें छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी मिलेगी। इस निवेश से एआई, सेमीकंडक्टर और रक्षा क्षेत्र में रोजगार की बड़ी संभावनाएं युवाओं को मिलेंगी।

निवेश की सहमति और औद्योगिक प्रस्ताव
विदेश दौरे के दौरान जापान और दक्षिण कोरिया के व्यापार संगठनों से बातचीत हुई। एआई, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश की सहमति बनी। साथ ही छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति और उसमें उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी निवेशकों को दी गई। उन्हें बताया गया कि भारत का पहला डाटा सेंटर पार्क छत्तीसगढ़ में स्थापित है।

ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ पवेलियन
जापान के ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ का पवेलियन आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिदिन 30 हजार से अधिक लोग पहुंचे और प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं और संस्कृति को देखा। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ ने यहां अपनी प्रस्तुति जापानी भाषा में दी, जिससे निवेशकों से जुड़ने में सफलता मिली।

पहली बार कोरिया पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधि मंडल दक्षिण कोरिया गया। वहां भी प्रस्तुतियां कोरियन भाषा में दी गईं। आईसीसीके के साथ एमओयू हुआ, जिसके तहत वे छत्तीसगढ़ के नॉलेज पार्टनर बनेंगे। इससे नई औद्योगिक नीति के तहत उद्योगों को स्किल्ड मैनपावर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा साबित करती है कि छत्तीसगढ़ केवल देश के बड़े निवेश केंद्रों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया में जाकर निवेश आकर्षित करेगा और अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार में स्थान दिलाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जापान दौरा, दक्षिण कोरिया दौरा, छत्तीसगढ़ निवेश, विदेशी निवेश, ओसाका वर्ल्ड एक्सपो, एआई निवेश, सेमीकंडक्टर उद्योग, छत्तीसगढ़ विकास,

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *