बलरामपुर, 14 अप्रैल 2026। ग्राम पंचायत डिंडो में बुनियादी अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के तहत 1154.45 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए।
आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से तीन सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें तालकेश्वरपुर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना मार्ग से कुल्लूडीह होते हुए गोंड पारा सलवाही तक 5.40 किलोमीटर, गुदाह मार्ग से ग्राम पंचायत भवन पीपर पान बस्ती तक 4.13 किलोमीटर तथा कमिश्नर नगर से मुख्य मार्ग सोमारू घर तक 1.53 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत गोंड समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण, धान उपार्जन केंद्र में चबूतरा निर्माण तथा खेल मैदान के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने समाज को बधाई दी और कहा कि सामाजिक भवन के निर्माण से सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने शिक्षा को विकास की प्रमुख कुंजी बताते हुए लोगों से शिक्षित और जागरूक बनने का आह्वान किया। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखते हुए उनका लाभ उठाने पर जोर दिया।
मंत्री ने सड़कों सहित अन्य निर्माण कार्यों को गति देने की बात कही और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने महुआ संग्रहण के दौरान जंगलों में आग लगाने की प्रवृत्ति से बचने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।