बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में वैवाहिक सीजन को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर यात्री बसों की विशेष जांच की गई। यह कार्रवाई परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विष्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में अम्बिकापुर-रामानुजगंज मार्ग, सेमरसोत क्षेत्र में चलने वाली यात्री बसों की जांच की गई।

जांच के दौरान बसों के परमिट, बीमा, फिटनेस और वाहन पंजीयन की जांच की गई। बिना परमिट वाहन चलाने के दो मामलों में 10,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सेंट जेवियर स्कूल, राजपुर की बस क्रमांक सीजी 15 ईजी 2821 को बिना परमिट बारातियों और सवारियों का परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर चालानी कार्रवाई की गई। यात्रियों की सुविधा के लिए जिला परिवहन अधिकारी के समन्वय से अन्य बस की व्यवस्था की गई।
उक्त स्कूल बस का परमिट निरस्त करने और चालक का लाइसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।
पुलिस ने आम जनता से वाहन के सभी दस्तावेज साथ रखने, यातायात नियमों का पालन करने और शराब सेवन कर वाहन न चलाने की अपील की है।