बलरामपुर, 22 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित ओरसा घाट के समीप हुई बस दुर्घटना में मृतक और घायल यात्रियों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। यह घोषणा स्थानीय विधायक एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम की पहल पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार 18 जनवरी 2026 को हुई इस सड़क दुर्घटना में कई यात्रियों की मृत्यु हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत कराया और मुआवजे की अनुशंसा की।

मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है। वहीं दुर्घटना में घायल यात्रियों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने दुर्घटना को अत्यंत दुःखद बताते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव शासकीय सहायता सुनिश्चित की जा रही है।