रायपुर, 13 दिसंबर 2025।
राज्य सरकार ने धान खरीदी को अधिक सुगम बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तूहर टोकन ऐप को अब 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध कर दिया गया है। इससे किसानों को टोकन बुकिंग के लिए किसी तय समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे दिन-रात कभी भी अपनी सुविधा अनुसार टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
इस फैसले से धान विक्रय की योजना बनाना आसान होगा। किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए टोकन ले सकेंगे, जिससे भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या में कमी आएगी।

लघु किसानों को अतिरिक्त राहत
राज्य सरकार ने 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों को विशेष राहत दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर ऐसे किसान 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन ले सकेंगे। इस अवधि विस्तार से लघु किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
पारदर्शी और नियंत्रित व्यवस्था
सरकार ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलना और समय की बाध्यता समाप्त करना इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसान हित में निरंतर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।