मुंगेली। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई में वन विभाग ने अवैध उत्खनन करते हुए एक डोजर (ट्रैक्टर) जब्त किया है।

वनमंडल मुंगेली अंतर्गत वन परिक्षेत्र खुड़िया के चचेड़ी परिसर, कक्ष क्रमांक 493 ग्राम झलरी, मनियारी नदी क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां वन भूमि पर बिना अनुमति रेत का उत्खनन किया जा रहा था। मौके से एक डोजर (ट्रैक्टर) को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि उत्खनन कार्य पूरी तरह अवैध था और यह वन संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन है। वनमंडलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियां होती दिखे तो तत्काल निकटतम वन कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
