बलरामपुर-रामानुजगंज। थाना सनावल पुलिस ने अंतरराज्यीय डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 540 लीटर अवैध डीजल जब्त किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
मामला 22 सितम्बर 2025 का है। देहात भ्रमण के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो वाहन क्रमांक UP 70 BE 3092 में प्लास्टिक जरिकेन में अवैध रूप से डीजल भरकर उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्रिशुली रोड पचावल पुलिया के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका। जांच में बोलेरो से 18 प्लास्टिक जरिकेन में भरा कुल 540 लीटर डीजल (कीमत लगभग 51,300 रुपये) बरामद हुआ।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीरज कुमार (27 वर्ष), निवासी मनरूटोला थाना बभनी, जिला सोनभद्र (उ.प्र.) और संदीप कुमार (23 वर्ष), निवासी सागोबांध थाना बभनी, जिला सोनभद्र (उ.प्र.) के रूप में हुई है। वाहन (कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये) और डीजल को पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/2025 धारा 287, 3(5) बीएनएस एवं 3,7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गजपति मिर्रे, उपनिरीक्षक गौटिया राम मरावी, प्रधान आरक्षक सुखदेव पैकरा एवं आरक्षक दल का सराहनीय योगदान रहा।
