रायपुर, 19 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता, मंडलों के अधीक्षण अभियंता और संभागों के कार्यपालन अभियंता शामिल हुए।

अरुण साव ने सभी संभागों को बारिश के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने और तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत और संधारण के लिए मांग के अनुसार पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने कार्यक्षेत्र का भ्रमण कर सड़कों और पुलों की स्थिति का निरीक्षण करने तथा सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहने के निर्देश दिए। सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत के साथ उनकी साफ-सफाई और रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने को भी कहा।
उप मुख्यमंत्री ने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त और निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुके सभी नए निर्माण कार्यों को 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सुरक्षा मानकों का पालन, डायवर्टेड मार्ग और समुचित साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने परफॉर्मेन्स गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण संबंधित ठेकेदारों से तत्परता से कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी जोर दिया।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कार्यालयों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-करकट से मुक्त रखने तथा भवनों के उचित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए।