लोरमी पुलिस ने चोरी की सात साइकिलें बरामद कीं
मुंगेली, 13 सितंबर 2026। संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत लोरमी पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी रमेश कुमार खुंटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 7 साइकिलें बरामद की हैं।
मामले में प्रार्थी रोशन सिंह राजपूत ने 11 सितंबर 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे वह साइकिल से रानीगांव स्थित जय इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करने गए थे। उन्होंने साइकिल को जोतपुरी स्वीट्स के बगल में खड़ा किया था। शाम करीब 7 बजे लौटने पर साइकिल वहां नहीं मिली।

रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 389/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ बेसिक पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बीजा (दैजा) निवासी रमेश कुमार खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना वाले दिन साइकिल चोरी करने के साथ अन्य स्थानों से भी 6 साइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से ब्रीज कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल, हीरो कंपनी की हरे रंग की 22 इंच की साइकिल, हीरो कंपनी की हरे रंग की साइकिल, हरे रंग की पुरानी साइकिल, लाल रंग की रेंजर साइकिल, ब्लास्टर कंपनी की लाल रंग की रेंजर साइकिल और लाइनर कंपनी की हरे रंग की रेंजर साइकिल बरामद की गई।
आरोपी रमेश कुमार खुंटे, पिता स्व. छोटू खुंटे, उम्र 52 वर्ष, निवासी बीजा (दैजा), थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को 12 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, थाना प्रभारी लोरमी, प्र.आर. दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, युगल किशोर उपाध्याय एवं ईश्वर मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।