त्योहारों के मद्देनजर 45 बदमाशों की चेकिंग
मुंगेली, 11 सितंबर 2026। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा गणेश चतुर्थी एवं आगामी त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों एवं गैंग हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे बदमाशों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।





इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली डॉ. प्रशांत शुक्ला ने सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान बदमाशों से उनकी आय के स्रोत, चल-अचल संपत्ति, वर्तमान गतिविधियों, आवागमन तथा घूमने-फिरने के स्थानों सहित अन्य आवश्यक जानकारी ली गई। उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई चेकिंग के दौरान थाना लोरमी में 4 निगरानी बदमाश, 15 गुंडा बदमाश और 4 गैंग हिस्ट्रीशीटर सहित कुल 23 बदमाशों की चेकिंग की गई।

थाना जरहागांव में 1 निगरानी बदमाश और 1 गुंडा बदमाश, थाना लालपुर में 2 गुंडा बदमाश तथा थाना चिल्फी में 2 निगरानी बदमाश और 1 गुंडा बदमाश की चेकिंग की गई।
अन्य थाना क्षेत्रों में 1 निगरानी बदमाश और 2 गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई। इस तरह जिले में कुल 8 निगरानी बदमाश, 33 गुंडा बदमाश और 4 गैंग हिस्ट्रीशीटर सहित 45 बदमाशों की चेकिंग की गई।

सभी को आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई।