छत्तीसगढ़ में कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राज्य के 16 जिलों में होगी, जिसमें लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को कम से कम दो घंटे पहले केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन समय पर पूरा किया जा सके।

परीक्षा का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य होगा, जबकि गहरे रंग के कपड़े वर्जित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पूर्व पहुंचना होगा।
परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संचार साधन, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी सहित अन्य वस्तुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी।