मुंगेली जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और तीन हाइवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम अमरटापू (मोतिमपुर) क्षेत्र में की गई।
प्रशासन के अनुसार, कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम अजय शतरंज के साथ राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान शासकीय भूमि से बिना अनुमति खनन कार्य किया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मशीनरी और वाहनों को जब्त कर लिया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।