एमसीबी, 17 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में उद्यानिकी एवं वानिकी विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित प्री एग्रीकल्चर टेस्ट (PAT) 2026-27 के माध्यम से महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग में प्रवेश दिया जाएगा।
इस परीक्षा के जरिए बी.एससी. (ऑनर्स) उद्यानिकी एवं बी.एससी. (ऑनर्स) वानिकी के चार वर्षीय डिग्री कार्यक्रमों में दाखिला मिलेगा। विश्वविद्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रवेश पूरी तरह मेरिट आधारित होगा, जो PAT परीक्षा में प्राप्त अंकों पर निर्भर करेगा।

बी.एससी. (ऑनर्स) उद्यानिकी के लिए विश्वविद्यालय अंतर्गत 16 शासकीय एवं 3 निजी महाविद्यालयों में कुल 1240 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि बी.एससी. (ऑनर्स) वानिकी के लिए 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूर्ण करें। इस संबंध में व्यापम द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
वर्तमान समय में उद्यानिकी एवं वानिकी क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं। फल, सब्जी, पुष्प उत्पादन, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती, वन संरक्षण एवं प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- आवेदन प्रारंभ: 02 अप्रैल 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 27 अप्रैल 2026 (सायं 5:00 बजे तक)
- त्रुटि सुधार: 28 से 30 अप्रैल 2026 (सायं 5:00 बजे तक)
- परीक्षा की संभावित तिथि: 21 जून 2026 (रविवार)
- परीक्षा समय: सुबह 10:00 से दोपहर 1:15 बजे तक
- प्रवेश पत्र जारी: 15 जून 2026 (संभावित)
- परीक्षा केंद्र: 33 जिला मुख्यालय
इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे व्यापम के पोर्टल पर जाकर समय पर आवेदन करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।