रायपुर, 16 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुलभ हो सके।

उन्होंने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण प्रारंभ होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों, उनकी स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े आगामी वर्षों की योजनाएं तैयार करने में सहायक होते हैं और “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।