मुंगेली, 10 अप्रैल 2026// जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने लोरमी में बैठक लेकर व्यवहारिक एवं प्रभावी योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और विकास के नए आयाम स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान रिसॉर्ट निर्माण, एडवेंचर गतिविधियों के विकास और आधुनिक शहरी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिले के प्राकृतिक एवं भौगोलिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं का आकलन किया गया।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी योजनाएं तैयार की जाएं, जिससे रोजगार के अवसर सृजित हों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

बैठक में आर्किटेक्ट आशीष रॉय, मानस हल्दर, अर्बन प्लानर और शुभम घाटगे ने तकनीकी सुझाव प्रस्तुत करते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन स्थलों के विकास, आकर्षक डिजाइन और सतत विकास पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सुझाव एवं सहमति प्रदान की गई। बैठक में समन्वित प्रयासों के माध्यम से मुंगेली को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने पर जोर दिया गया।