मुंगेली, 01 अप्रैल 2026। सरगांव पुलिस ने भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि का फर्जी नामांतरण कर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सुनील छाबड़ा द्वारा 10 मार्च 2026 को थाना सरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि डी.आर.एस. फर्म के माध्यम से भूमि संबंधी कार्य किया जाता है और आरोपी छगनलाल वर्मा को राजस्व संबंधी कार्य सौंपे गए थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पूर्व में विक्रय की गई भूमि के नामांतरण न होने का लाभ उठाकर फिरंता दास पात्रे के साथ मिलकर षडयंत्रपूर्वक उसी भूमि का पुनः पंजीयन कराया। इस प्रक्रिया में फर्जी आधार कार्ड और फर्जी विक्रयनामा का उपयोग किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने स्वयं विक्रयनामा में साक्षी बनकर राशि प्राप्त करने की बात स्वीकार की है। मामले में लगभग 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी पाई गई है।
प्रकरण में थाना सरगांव में धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 31 मार्च 2026 को आरोपी छगनलाल वर्मा, निवासी बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव संतोष शर्मा सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।