बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण अपराध क्रमांक 25/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल से अवैध शराब रघुनाथनगर की ओर लाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम के साथ ग्राम रघुनाथनगर के केसारी मोड़ पर रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान मनोज कुमार गोड़ और दयाशंकर को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से उत्तरप्रदेश निर्मित 90 नग ऑरेंज देशी मसाला शराब कुल 18 लीटर बरामद कर जब्त की गई, जिसकी कीमत 6750 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।