मुंगेली, 13 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिला पंचायत सभाकक्ष में आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशानुसार सहायक परियोजना अधिकारी एल.के. कौशिक ने 2024-26 के अंतर्गत स्वीकृत अप्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की।
बैठक में सभी अप्रारंभ आवासों को अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराने तथा वित्तीय वर्ष 2024-26 में द्वितीय किश्त प्राप्त हितग्राहियों के आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। तकनीकी सहायकों और आवास मित्रों को ऐसे हितग्राहियों से मोबाइल और व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर कार्य प्रारंभ या पूर्ण कराने को कहा गया, जो पलायन पर हैं।

28 जनवरी को आयोजित पूर्व बैठक से 13 फरवरी तक की 15 दिवस की प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण भी प्रस्तुत किया गया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निर्माण की प्रगति के अनुरूप समय-सीमा में किश्त जारी करने तथा निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विनय छात्रे, राजीव तिवारी सहित संबंधित अधिकारी, तकनीकी सहायक और आवास मित्र उपस्थित रहे।