मुंगेली। थाना जरहागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में हुई युवक की हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल आरोपियों को चिन्हित किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कोमल साहू की बहन से बातचीत को लेकर हुए विवाद के चलते यह घटना हुई।

प्रार्थी अर्जुन साहू द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 2 फरवरी की रात लगभग 10:30 बजे ग्राम फरहदा के पास खरोरवा तालाब के पास आरोपियों ने मारपीट की। इसी दौरान आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने चाकू से हमला किया, जिससे कोमल साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला अस्पताल मुंगेली ले जाने पर उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त चाकू एवं खून लगे कपड़े जब्त किए गए।
जांच के बाद आरोपी
- हितेश उर्फ हरिओम कश्यप, निवासी बजरंगपारा, थाना जरहागांव
- जयपाल उर्फ कल्लू साहू, निवासी फरहदा, थाना जरहागांव
को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।