पीएचई में 34 अधिकारियों के तबादले, एक निलंबित

रायपुर, 10 जनवरी 2026। राज्य शासन ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से बड़े प्रशासनिक बदलाव किए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर वरिष्ठ स्तर पर 34 अधिकारियों के तबादले एवं दायित्वों में परिवर्तन किया गया है।

मैदानी कार्यों को गति देने के लिए विभाग ने 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया है। इसके साथ ही जल जीवन मिशन में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण रिपोर्टिंग के चलते निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली के आदेश भी जारी किए गए हैं।

दोहरे प्रभार पर कार्यरत अधीक्षण अभियंता संजीव बृजपुरिया को ओएसडी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल दुर्ग मंडल के अधीक्षण अभियंता के रूप में कार्य करेंगे।

जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना सामग्री में परिवर्तन के मामले में रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं और एक माह में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभारी प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी को वर्तमान दायित्वों के साथ जल जीवन मिशन का अतिरिक्त मिशन संचालक बनाया गया है। मुख्य अभियंता के.के. मरकाम को रायपुर परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता, जी.एल. लखेरा को प्रभारी मुख्य अभियंता जगदलपुर परिक्षेत्र, तथा राजेन्द्र कुमार शुक्ला को कोंडागांव मंडल का अधीक्षण अभियंता पदस्थ किया गया है। इसके अलावा 22 कार्यपालन अभियंताओं और तीन सहायक अभियंताओं के भी तबादले किए गए हैं।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता (सिविल) के पद पर पदोन्नति दी है। साथ ही सात उप अभियंताओं को परिभ्रमण से मुक्त करते हुए सहायक अभियंता के रूप में पदस्थ किया गया है।

निलंबन से बहाल किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं में जगदीश कुमार, उत्तर कुमार राठिया, चन्द्रबदन सिंह, एस.पी. मंडावी, जे.एल. महला और रूपेश कुमार धनंजय शामिल हैं।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *