रायपुर, 10 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की महिला उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार की यात्राओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘ADHYAY – The Women Who Lead’ का विमोचन किया। यह कार्यक्रम रायपुर स्थित श्रीराम बिज़नेस पार्क में आयोजित कॉस्मो एक्सपो के दौरान संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी राकेश चतुर्वेदी, कॉस्मो एवं रोटरी के पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

यह विशेष प्रकाशन छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तैयार किया गया है, जिसमें राज्य की प्रगति, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव में योगदान देने वाली 25 महिला उद्यमियों की जीवन यात्राओं को शामिल किया गया है। पुस्तक का संपादन उचित शर्मा और उनकी टीम द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तक में सम्मिलित सभी महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके साहस, नेतृत्व, नवाचार और उद्यमशील योगदान के लिए प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की जीवंत अभिव्यक्ति बताया तथा इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी दस्तावेज़ कहा।