पथरिया |
छत्तीसगढ़ राज्य के D.Ed / D.El.Ed प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के आंदोलन को युवा कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। शुक्रवार को ब्लॉक युवा कांग्रेस पथरिया द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए हाईकोर्ट के आदेशानुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कर नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की गई।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के मार्गदर्शन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि छत्तीसगढ़ राज्य के D.Ed / D.El.Ed प्रशिक्षित पूर्णतः योग्य अभ्यर्थी माननीय उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद आज तक नियुक्ति से वंचित हैं, जो न्यायालय के आदेशों की अवहेलना और शासन-प्रशासन की गंभीर उदासीनता को दर्शाता है।

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा प्राथमिक शाला सहायक शिक्षक पद हेतु D.El.Ed योग्यता को वैध ठहराया जा चुका है, इसके बावजूद शासन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया को अब तक अंतिम रूप नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप हजारों योग्य अभ्यर्थी राजधानी रायपुर में धरना, प्रदर्शन एवं आमरण अनशन करने को विवश हैं। इससे अभ्यर्थियों की शारीरिक व मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल राजपूत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का तत्काल और पूर्ण अनुपालन नहीं किया गया तथा D.Ed / D.El.Ed योग्य अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए, तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

वहीं नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव ने नियुक्ति प्रक्रिया में हो रहे अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं हुईं, तो भविष्य में क्षेत्र में आयोजित होने वाले शासकीय कार्यक्रमों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल राजपूत, नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव, पार्षद दीपक साहू, प्रकाश भार्गव, पूर्व सभापति सम्पत जायसवाल, धर्मेन्द्र श्रीवास, पूर्व एल्डरमेन संतोष पाली, पिलेश्वर वर्मा, निक्कू यादव, सौरभ शुक्ला, विजय लहरे, कुशाल निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।