एसआईआर के तहत स्कूल-कॉलेज प्राचार्यों की बैठक, 18 वर्ष पूर्ण करने वालों से भरवाएं फॉर्म-06

मुंगेली, 19 दिसंबर 2025। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिले के हायर सेकेण्डरी स्कूलों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक ली। बैठक कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन एवं गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके तहत 23 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा, जबकि 22 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

18 वर्ष पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों से फॉर्म-06 अनिवार्य

बैठक में स्कूल-कॉलेज प्राचार्यों को निर्देश दिए गए कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों से भी 22 जनवरी 2026 तक फॉर्म-06 भरवाया जाए, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके। मास्टर ट्रेनर श्री संजय सोनी एवं श्री चन्द्रशेखर उपाध्याय ने फॉर्म-06 भरने की प्रक्रिया और निर्वाचन से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियां साझा कीं।

21 फरवरी को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 14 फरवरी 2026 तक सभी दावा-आपत्तियों का निराकरण कर लिया जाएगा तथा 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है, जिसके लिए मुंगेली जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम प्रारंभिक (ड्राफ्ट) सूची में शामिल नहीं होगा, वे 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक दावा-आपत्ति कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा में दावा-आपत्ति या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *