मुंगेली (छत्तीसगढ़), 04 दिसंबर 2025।
नवभारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास) के तहत राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान 7 दिसंबर को जिले में ‘‘मुंगेली का जन-जन साक्षर’’ थीम पर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संबंधी सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के असाक्षरों को वर्ष 2030 तक पूर्ण साक्षर बनाना लक्ष्य है, जिसके लिए यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

कलेक्टर ने 15 वर्ष से अधिक आयु के उन शिक्षार्थियों से महापरीक्षा में शामिल होने की अपील की है, जिन्होंने 200 घंटे के अंतर्गत सात अध्याय पूरे कर लिए हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय संस्थान और राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण का प्रमाण पत्र प्राप्त होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने बताया कि परीक्षा 7 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थी अपनी सुविधा अनुसार किसी भी समय तीन घंटे की परीक्षा दे सकेंगे। जिला परियोजना अधिकारी रामनाथ गुप्ता ने जानकारी दी कि जिले के 17,300 से अधिक परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। इसके लिए मुंगेली, लोरमी और पथरिया विकासखण्ड में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।