बलरामपुर, 14 जुलाई 2025। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को आवश्यक खाद-बीज की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है। किसान सहकारी समितियों में रोजाना बड़ी संख्या में किसान खाद-बीज लेने पहुंच रहे हैं।

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए खाद और बीज की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समितियों में नियमित आपूर्ति पर विशेष जोर दिया है।
जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों की मांग के अनुसार वितरण किया जा रहा है। अब तक 38774 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है, जिसमें से 27734 मीट्रिक टन खाद का वितरण किसानों को किया जा चुका है।
वहीं खरीफ 2025 के लिए 2096 क्विंटल बीज का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 1732 क्विंटल बीज का भंडारण कर सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से कृषकों को वितरित किया गया है।
प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में भी आवश्यकतानुसार खाद और बीज की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे किसानों की खेती प्रभावित न हो।