‘दबंग स्वर’ के छठवें स्थापना दिवस पर रायपुर में हुआ सम्मान, पत्रकारिता में योगदान के लिए मिला अलंकरण
रायपुर/मुंगेली। मुंगेली जिले के ग्राम डिंडौरी निवासी पत्रकार खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके सामाजिक एवं रचनात्मक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृन्दावन सभागृह में आयोजित समारोह में उन्हें छत्तीसगढ़ महतारी का स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।


यह सम्मान दैनिक समाचार पत्र ‘दबंग स्वर’ के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर वक्ता मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। समारोह में साहित्य, पत्रकारिता, लोक कला और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी करीब 100 विभूतियों को सम्मानित किया गया।
पत्रकारिता में योगदान के लिए मिला सम्मान

खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को यह सम्मान उनके पत्रकारिता कार्यों तथा सामाजिक एवं रचनात्मक योगदान के लिए दिया गया। उनकी इस उपलब्धि से मुंगेली जिले के डिंडौरी गांव में खुशी का माहौल है। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
‘सम्मान बेहतर कार्य करने की ऊर्जा देता है’: डॉ. राजाराम त्रिपाठी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कृषि वैज्ञानिक एवं दंतेश्वरी हर्बल समूह के संस्थापक डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि सम्मान व्यक्ति को अपने क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। समाज के लिए समर्पित लोगों के योगदान को पहचानना और उनका उत्साहवर्धन करना आवश्यक है।
समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में भू-जल वैज्ञानिक डॉ. विपिन दुबे, केंद्रीय हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’, ‘युवा’ संस्था के संस्थापक एम. राजीव तथा ‘स्वदेश’ के उप-संपादक राजकुमार धर द्विवेदी शामिल रहे।
छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत उद्बोधन में ‘दबंग स्वर’ के प्रधान संपादक डॉ. पंडित पी. के. तिवारी ने समाचार पत्र की यात्रा और विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सकारात्मक सोच और निर्भीक पत्रकारिता के संकल्प के साथ शुरू हुआ समाचार पत्र अब रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और कोरिया संस्करणों तक पहुंच चुका है।
कार्यक्रम का संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया, जबकि संयोजक शुभम साहू ने आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में मनीष अवस्थी, विवेक बेहरा, देव मानिकपुरी, पूर्णेश डड़सेना, ज्योति शुक्ला, दुष्यंत साहू, हेमलाल पटेल सहित वक्ता मंच की पूरी टीम का योगदान रहा।