मदकूद्वीप के प्राचीन मंदिरों में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना

मुंगेली, 25 सितंबर 2026// मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति तथा प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन में मुख्यमंत्री ने कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद वे कन्या भोज में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है तथा कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। मदकूद्वीप में इतिहास, आस्था और प्रकृति का संगम देखने को मिलता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों एवं ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण एवं संवर्धन महत्वपूर्ण है। ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें आने वाली पीढ़ियों को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली निधि हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला एवं पुन्नू लाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान बिलासपुर राजस्व संभाग के संभागायुक्त सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *