मुंगेली। मुंगेली जिले में प्रशासनिक व्यवस्था, लगातार बढ़ते भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मिलऊ यादव ने जिले में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों को खुले मंच पर आम जनता व मीडिया के सामने ‘संवैधानिक वाद-विवाद’ (Debate) करने का खुला चैलेंज दिया है।
सपा जिलाध्यक्ष मिलऊ यादव ने मुंगेली जिले की जनता के अधिकारों और समस्याओं का हवाला देते हुए शासन-सत्ता से जुड़े नेताओं पर सीधा हमला बोला है।

इन प्रमुख मुद्दों पर घेराव करने की तैयारी:
सपा जिलाध्यक्ष ने पत्र जारी कर जिले के निम्नलिखित ज्वलंत विषयों पर बहस करने की बात कही है:
- बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ता अपराध: जिले में लगातार बढ़ती चोरी, डकैती, मारपीट, अवैध गतिविधियों तथा निर्दोष लोगों को फंसाए जाने और एफआईआर दर्ज न किए जाने के मामले।
- अफसरशाही और भ्रष्टाचार: सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की मनमानी, आय से अधिक संपत्ति का मामला, विकास कार्यों में लीपापोती और गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य।
- अवैध कारोबार पर संरक्षण: जिले में अवैध कब्जा, अवैध निर्माण, अवैध शराब व नशीले पदार्थों की बिक्री को बढ़ावा मिलना।
- जनसुविधाओं एवं विकास राशि का दुरुपयोग: ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के लिए बजट का सही उपयोग न होना।
- शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार की बदहाली: विभागों में खाली पड़े पदों पर भर्तियां न होना, बेरोजगार युवाओं, किसानों, माताओं-बहनों की अनदेखी, तथा गौवंश की दयनीय स्थिति।

‘स्थान और समय तय करें भाजपा नेता, हम बहस के लिए तैयार’
मिलऊ यादव ने मुंगेली जिले से संबंधित भाजपा के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जिला/जनपद पंचायत, नगर पालिका/नगर पंचायत के प्रतिनिधियों और पार्टी संगठन के सभी पदाधिकारियों को ललकारते हुए कहा है कि वे जिले के किसी भी कोने में जनता और मीडिया के सामने खुले मंच पर आकर जवाब दें।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि बहस की तारीख, समय और स्थान भाजपा नेता पहले से तय करके घोषित कर दें, समाजवादी पार्टी जनता के सवालों के साथ मंच पर मुस्तैद मिलेगी।