पुलिस ने 6 चोरी की मोटरसाइकिलें की जब्त


मुंगेली। लोरमी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें, कुल कीमत 2.10 लाख रुपये बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार कार्रवाई चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के करीब 26 घंटे के भीतर की गई।
पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर निवासी चंद्रशेखर पटेल 17 सितंबर को अपनी मां के साथ खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सीजी-10 एटी-2684 खुड़िया बांध के पास खड़ी की थी। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर लोरमी थाने में अपराध क्रमांक 400/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने चरन कुर्रे (22) और अमित चेलकर (21), निवासी अमलडीही, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया और अन्य स्थानों से पांच और मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों के घरों से कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें तीन मोटरसाइकिलें चरन कुर्रे और तीन अमित चेलकर के कब्जे से बरामद होना बताया गया है। बरामद वाहनों की कुल कीमत 2,10,000 रुपये बताई गई है।


मामले में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
जिला पुलिस ने नागरिकों से घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचना देने की अपील की है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *