पथरिया, 11 सितंबर 2026। पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बगबुडवा में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 7 नग सोने के लॉकेट, 1 नग चांदी की सकरी और 16,500 रुपये नगद सहित कुल 64,500 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बगबुडवा निवासी दिलहरण मरावी ने 10 सितंबर 2026 को थाना पथरिया में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 3 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर घर में घुसकर आलमारी में रखे 7 नग सोने के लॉकेट और 1 नग चांदी की सकरी तथा गुल्लक में रखी नगदी चोरी कर ले गया था।

रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 227/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर चोरी गई संपत्ति की बरामदगी और आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बगबुडवा निवासी ईश्वर मरावी सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने कैप खान, अशरफ खान और सुभान खान के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने कैप खान, सुभान खान और अशरफ खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने भी चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने ईश्वर मरावी के कब्जे से 3 सोने के लॉकेट और 13,000 रुपये, कैप खान से 4 सोने के लॉकेट, सुभान खान से 1 चांदी की सकरी तथा अशरफ खान से 3,500 रुपये बरामद किए।
इस तरह कुल 7 सोने के लॉकेट, 1 चांदी की सकरी, जिसकी कीमत 48,000 रुपये बताई गई है, और 16,500 रुपये नगद सहित कुल 64,500 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
पुलिस ने मामले में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी। आरोपी ईश्वर मरावी, कैप खान, सुभान खान और अशरफ खान, सभी निवासी बगबुडवा, थाना पथरिया, जिला मुंगेली को 11 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में निरीक्षक पवन देवांगन, प्र.उप निरीक्षक योगेश कुमार भट्ट, भारती मरकाम, प्र.आर. तीनजुगी राजपूत, आरक्षक स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर, शिवशंकर गोयल, राजीव पटेल एवं सूरज मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।