बलरामपुर, 26 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड राजपुर अंतर्गत ग्राम कर्रा में आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में हिस्सा लिया। उन्होंने प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री ने ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा कर्मेश्वर की कृपा से क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम कर्रा में श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा का आयोजन सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कथावाचक आचार्य दिव्यानंद जी महाराज, आयोजन समिति और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को चिन्हांकित किया गया है और अब तक लगभग 10 हजार श्रद्धालु इसका लाभ ले चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है और प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ग्राम कर्रा स्थित बाबा कर्मेश्वर धाम को क्षेत्र की लोक आस्था का प्राचीन केंद्र बताया गया है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां स्थित शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ है। जनश्रुतियों के अनुसार लगभग नौवीं-दसवीं शताब्दी में साल के वृक्ष के खोल में शिवलिंग की उत्पत्ति हुई थी। वर्तमान में श्री कर्मेश्वर महादेव मंदिर जीर्णोद्धार समिति द्वारा मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बाबा कर्मेश्वर धाम मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बेल का पौधा लगाया। अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।
कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, आईजी दीपक झा, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।