774 सड़कों का शिलान्यास, 781 बसाहटों को लाभ

रायपुर, 17 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के अंतर्गत 774 सड़कों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2426.875 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर 2225.44 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

कार्यक्रम में वशिष्ठ कम्यूनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से लगभग 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही बताया कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से राज्य के अधिकांश गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा चुका है।

बैठक में सहकारिता क्षेत्र के तहत 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के शुभारंभ की जानकारी दी गई, जिससे कुल समितियों की संख्या 2573 हो गई है। इन समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज और ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अब तक 47,847 किलोमीटर लंबाई की 10,119 सड़कों और 581 पुलों को स्वीकृति मिली है, जिनमें से 42,250 किलोमीटर लंबाई की 8713 सड़कें और 444 पुल पूर्ण किए जा चुके हैं।

जशपुर जिले में 77 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 197.26 किलोमीटर और लागत 196.20 करोड़ रुपये है। इन सड़कों के निर्माण से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *